जलेसर। खेलाें से तन-मन स्वस्थ रहता है और अच्छे कार्यों के लिए प्रेरणा भी मिलती है। इसलिए युवाओं को अधिक से अधिक खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। उक्त विचार एसडीएम इंद्रासन वर्मा ने एमजीएम इंटर कालेज में आयोजित तीन दिवसीय ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर व्यक्त किए।
इसी क्रम में सीओ पुलिस विजय कपिल ने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ एवं शक्तिशाली बनाने का माध्यम है। जब युवा ताकतवर होगा तो वह देश एवं समाज की सेवा खुले मन से कर सकता है। तीन दिवसीय ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के प्रथम दिन आयोजित दौड़ प्रतियोगिताओं में 100 मीटर सीनियर वर्ग में ओमपाल प्रथम, विकास द्वितीय आदर्श इंटर कालेज, बालिका वर्ग सीनियर 100 मीटर में पूजा प्रथम और अंजली फरीदपुर इंटर कालेज द्वितीय, बालिका वर्ग जूनियर 100 मीटर में प्रीति फरीदपुर प्रथम, लक्ष्मी आदर्श इंटर कालेज द्वितीय स्थान पर रहीं।
आयोजक देवेंद्र सिंह सिसौदिया ने बताया कि प्रतियोगिता में 27 विद्यालयों को आमंत्रित किया गया था। लेकिन इसमें 10 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया है। इस मौके पर छात्र नरेंद्र सिंह ने हैलीकाप्टर बनाकर उसका प्रदर्शन किया। खेलकूद प्रतियोगिता का संचालन श्याम बिहारी तिवारी, श्रीचंद्र चौधरी, गजेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर अजय मोहन शर्मा, सुनील दिवाकर, अचल सिंह, गजराज सिंह, प्रमोद उपाध्याय, राजकुमार सिंह, फागू प्रसाद, सुनील पाठक, प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा आदि थे।