एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव अखतोली, रतनपुर और गढ़वाला में जंगली जानवर का उत्पात बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यह जानवर 2 दिन में हमला कर 2 महिलाओं सहित 8 लोगों को घायल कर चुका है।
गांव अखतोली निवासी पंकज ने बताया पत्नी निशा रविवार की देर शाम घर के बाहर कुछ काम कर रही थी। तभी एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निशा को मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां उपचार चल रहा है। बताया कि गांव रतनपुर में जंगली जानवर ने डोरी लाल और उनकी पत्नी रामा देवी पर हमला कर घायल कर दिया। इसके अलावा गांव गढ़वाला में जंगली जानवर अभी तक 5 लोगों को घायल कर चुका है।
उन्होंने बताया कि जंगली जानवर का क्षेत्र में इतना खौफ फैल गया है कि लोगों ने शाम को अंधेरा होने के बाद घर से निकलना बंद कर दिया है। खेतों के अलावा यह जानवर गांव की गलियों तक में रात में आ जाता है। इसने एक गांव में 2 भैंसों को भी हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। शिकायत के बाद थाना की पुलिस और वन विभाग की टीम जंगली जानवर की तलाश में लगी हुई है।
थाना प्रभारी नीता माहेश्वरी ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि एक तेंदुआ क्षेत्र में घूम रहा है। सोमवार को सूचना मिली कि भेड़िया आ गया है। वन विभाग की टीम को सूचना देकर पुलिस टीम को भी क्षेत्र में भेजा गया था। फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है कि कौन सा जानवर है।