एटा। परिषदीय स्कूलों में तैनात करीब 700 बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों के सामने संकट खड़ा हो गया है। अगर ब्रिज कोर्स (प्राथमिक शिक्षक शिक्षा) नहीं किया तो उनकी नियुक्ति अमान्य घोषित कर दी जाएगी। इसके लिए उन्हें 6 माह का ब्रिज कोर्स करना होगा।
बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद जिले के परिषदीय स्कूलों में तैनात बीएड डिग्री धारक शिक्षकों को ब्रिज कोर्स करना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शासन की गाइड लाइन के मुताबिक जिले में तैनात बीएड डिग्री धारक शिक्षकों से आवेदन मांगे जाएंगे।
इसके बाद उन्हें डायट पर 6 माह का ब्रिज कोर्स कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 700 शिक्षक होंगे जो बीएड डिग्री धारक है और परिषदीय स्कूलों में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि बीएड डिग्री धारक शिक्षक बीआरआईडीजीई.एनआईओएस.एएस.आईएन पर रजिस्ट्रेशन अवश्य करा दें।