एटा। विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट विकास गुप्ता ने मंगलवार को छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फैसला सुनाया। दोषी अमित निवासी गधैपुर उर्फ सरसैंठ थाना अमांपुर जिला कासगंज को 7 साल कारावास की सजा सुनाई है।
थाना मलावन में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर 2016 को अमित कक्षा 9 में पढ़ रही उनकी 15 साल की भतीजी को भगा ले गया। अदालत में सुनवाई के दौरान पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि गाड़ी में डालकर वह पहले अलीगढ़ और इसके बाद भोपाल ले गया।
वहां होटल के कमरे में बंद रख उसकी मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाए। बाद में दिल्ली में अपनी बुआ के घर ले गया। वहां उसके मना करने के बावजूद शादी कर रजिस्ट्रेशन भी कराया था। दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अमित को दोषी ठहराते हुए 7 साल के कठोर कारावास और 45 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित करने का आदेश दिया।
गंभीर चोट पहुंचाने वाले 2 भाइयां को 7 साल की कैद
एटा। गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में ब्रजेश शर्मा और उसके भाई राजेश शर्मा निवासी मोहल्ला गढ़ी रानी साहिबा कस्बा व थाना राजा का रामपुर को न्यायालय एसीजेएम 17 ने दोषी पाया। दोनों को 7 साल के कठोर कारावास और 10–10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित करने का आदेश दिया है। संवाद