एटा। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिले की 7 बालिका पहलवानों का चयन हुआ है। यह सभी खिलाड़ी 25 से 27 दिसंबर तक मऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अलीगढ़ मंडल की ओर से दमखम दिखाएंगी।
उपक्रीड़ा अधिकारी पूजा भट्ट ने बताया कि सब जूनियर बालिका वर्ग के लिए 21 दिसंबर को पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में चयन ट्रायल आयोजित हुआ था। इसमें कुल 20 खिलाड़ियों ने जोर आजमाया। श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ी मंडलीय स्तर के लिए चुनी गईं जिन्हें 22 दिसंबर को अलीगढ़ में हुए मंडलीय ट्रायल के लिए भेजा गया।
मंडलीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की अंशिका, दिव्यांशी, पावनी, गुनगुन, डिंपल, तनवी और पलक ने अपना दबदबा कायम करते हुए स्टेट लेवल के लिए टिकट हासिल कर लिया। पूजा भट्ट ने कहा कि सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत और लगन के साथ अभ्यास कर रही हैं। उम्मीद है कि प्रदेश स्तर पर भी ये बालिका पहलवान शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।