एटा। यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हो गई हैं। दूसरे जिलों के शिक्षकों को यहां शिक्षा परिषद से लगाया गया है। लेकिन 7 परीक्षकों ने आने से इन्कार कर दिया है। ऐसे में संबंधित विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा पर असमंजस खड़ा हो गया है। मामले की जानकारी डीआईओएस ने परिषद के सचिव को भेजी है।
जिले में 8 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं संचालित होंगी। इसके लिए 203 केंद्र बनाए गए हैं। करीब 46,209 विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। 1 फरवरी से परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन 15 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई है। दूसरे जिलों के शिक्षकों को यहां परीक्षक बनाया गया है। परीक्षकों को ही विद्यालयों की सूचना दी गई है कि उन्हें किस विद्यालय में परीक्षा लेने को पहुंचना है। ऐसे में परीक्षक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को संपर्क भी कर रहे हैं।
जिले में 3 भौतिक विज्ञान, 2 रसायन विज्ञान और 2 अन्य विषय के परीक्षकों ने आने से इन्कार कर दिया है। मामले में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने डीआईओएस को सूचना दी। डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत ने बताया शिक्षा परिषद से सचिव के स्पष्ट निर्देश परीक्षा कराने के हैं। मामले की जानकारी शिक्षा परिषद को भेज दी है।