फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

68.5 प्रतिशत हुआ मतदान

Wed, 14 Oct 2015 12:03 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को फायरिंग, पथराव की घटनाएं हुईं। 68.5 प्रतिशत मतदान हुआ। सकीट ब्लॉक क्षेत्र के 253 बूथों पर 69 और शीतलपुर विकास खंड क्षेत्र के 306 बूथों पर 68 प्रतिशत वोट पड़े। फर्जी मतदान व झगड़े की सूचना पर अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ती रहीं। वहीं सबलपुर में फर्जी वोट डालने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए, करीब एक घंटे तक रुक-रुककर हुए पथराव में महिला सहित चार लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं निगोह अहसनपुर और पलरा में हुई फायरिंग में तीन घायल हो गए। शीतलपुर में बाहरी लोगों द्वारा मतदान करने की सूचना पर मंडलायुक्त चंद्रकांत, डीआईजी अलीगंज गोविंद अग्रवाल, जिलाधिकारी निधि केसरवानी और एसएसपी एसके वर्मा पहुंच गए।
विज्ञापन

पहले चरण में जैथरा-अलीगंज में मतदान के दौरान जमकर बवाल व बूथ कैप्चरिंग होने की घटना से इस बार पुलिस प्रशासन ने सबक लिया और फिर से वही पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई, साथ ही सीआरपीएफ को लगाया गया। इसके बाद भी छुटपुट घटनाएं हुईं। न्यौराई बूथ पर दो प्रत्याशियों के एजेंट भिड़ गए और मारपीट तक हो गई। एक प्रत्याशी ने रिवाल्वर भी निकाल ली, लेकिन फोर्स के पहुंचते ही वह वहां से निकल लिए। इससे यहां बवाल होने से बच गया। बाद में पुलिस ने प्रत्याशी की गाड़ी के पहियों की हवा निकाल दी। प्राथमिक विद्यालय बागवाला शीतलपुर में फर्जी मतदान की सूचना पर पुलिस ने दौड़ लगाई। इसके अलावा अन्य स्थानों से भी फर्जी वोट डालने व पुलिस द्वारा कुछ भी न कहने व बूथ कैप्चरिंग करने की अफवाह फैली।
 गांव सबलपुर में फर्जी मतदान का विरोध करने पर पथराव हो गया। गांव निवासी नजराना बेगम दोपहर को वोट डालने बूथ पर पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनका वोट पहले ही पड़ चुका है। इसका उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के राकेश, रामनिवास सहित अन्य लोग आ धमके और बूथ के पास बने घरों से पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान नजराना बेगम, शाहरुख, सिराज तथा अनीस घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों को खदेड़ दिया। घायलों को सकीट स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरी तरफ गावं नगला सुंदर निवासी रामनरेश पोलिंग बूथ पलरा पर तैनात था। आरोप है कि तभी विपक्षी पार्टी के लोग आ धमके, गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। एक गोली पैर में लगने से रामनरेश घायल हो गया। बताते हैं कि यहां एक मतपेटी में पानी भी डाल दिया। इसके अलावा निगोह हसनपुर में भी वोट डालने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 30 एक के पलरा गांव में बने बूथ संख्या 11, 12 को देखा। जहां कुछ कमियां मिलीं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय सर्वोदय आश्रम पर बने बूथ संख्या 173, 174, 175 को भी देखा।
विज्ञापन

फर्जी वोट की सूचना पर डीएम, एसएसपी ने जिला पंचायत के वार्ड 16 क्षेत्र के भगीपुर में बने बूथ संख्या 209, 210, 211, 212, 213 का निरीक्षण किया। आयुक्त चंद्रकांत, डीआईजी गोविंद अग्रवाल भी पहुंच गए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं मिला। मतदान के बाद मतपेटिकाओं के रखरखाव के लिए बनाए गए स्ट्रांगरूम का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र कुमार, एएसपी क्राइम आरपी गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विसर्जन सिंह यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार आदि मौजूद थे।
 
चार वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि वाहन अधिग्रहीत होने के बावजूद भी न पहुंचाने पर चार वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सकीट ब्लाक क्षेत्र के लिए कैलाश निवासी जीसुखपुर, अजय कुमार निवासी पीपल अड्डा, शिव प्रताप सिंह निवासी रायान अवागढ़ और शीतलपुर ब्लॉक के लिए कुंवरपाल निवासी नगला भूरा की गाड़ी लगाई गई थी लेकिन पहुंची नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें