एटा। थाना जैथरा क्षेत्र में रविवार को भैंस बेचकर लौट रहे व्यक्ति के साथ ऑटो में बैठे एक युवक ने 64 हजार रुपये जेब काटकर पार कर दिए। इसके बाद थाने से चंद कदम की दूरी पर एक काली पल्सर पर बैठकर फरार हो गया।
गांव नगला जमुनी निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि वह धुमरी पशु पैंठ में अपनी भैंस बेचने रविवार को गए थे। वहां उनकी भैंस 64 हजार रुपये में बिक गई। इसके बाद टेंपो में बैठकर जैथरा आ रहे थे। रास्ते में पड़ने वाले सर्रा गांव के पास टेंपो में एक लड़का बैठ गया। वह कस्बा में शास्त्री स्कूल व थाने के पास उतर गया और वहीं पास में खड़ी काली पल्सर पर बैठकर दूसरे लड़के के साथ चला गया।
उसके जाने के बाद जब मैंने अपनी जेब देखी तो वो कटी हुई थी और 64 हजार रुपये गायब थे। स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना दी। सीओ अलीगंज सुधांशू शेखर ने बताया कि जेब काटकर 64 हजार रुपये निकालने का आरोप है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे और अन्य माध्यमों से घटना की जांच की जा रही है।