एटा। होली के त्योहार को देखते हुए रोडवेज गाड़ियां पूरी तरह से तैयार हैं। यात्रियों के किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। 24 घंटे बस सेवा मिलेगी। जहां की सवारी होंगी वहीं के लिए तुरंत बस भेजी जाएगी। इसके साथ ही शुक्रवार को एटा डिपो के बेड़े में दो नई गाड़ियां भी शामिल हो गईं।
होली के त्योहार से एक दिन पूर्व अन्य जिलों या प्रदेशों में नौकरी करने वाले लोग घर लौटते हैं। वहीं पर्व को मनाने के बाद अपने कार्यस्थल की ओर रवाना हो जाते हैं। इसको देखते हुए डिपो की ओर से यात्रियों को शीघ्र व बेहतर यातायात के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली मार्ग पर डिपो की 62 बसें लगाई गई हैं। क्योंकि बहुतायत में जिले के लोग दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में नौकरी कर रहे हैं। इसके अलावा शिकोहाबाद मार्ग पर भी काफी संख्या में यात्री त्योहार पर यात्रा करते हैं। जिसके देखते हुए इस मार्ग पर भी 10 रोडवेज लगाई गई हैं।
फर्रुखाबाद मार्ग पर सवारियों को देखते हुए 8 बसें लगाई गई हैं। जिससे कि किसी भी मार्ग पर जाने वाले यात्री को समस्या न हो। एआरएम राजेश यादव ने बताया कि त्योहार पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। शासन की ओर से डिपो को 2 नई बसें भी मिल गई हैं। जो शुक्रवार की देर शाम वर्कशॉप पर पहुंच गईं। दिल्ली, शिकोहाबाद, फर्रुखाबाद व अन्य सभी मार्गों पर उचित संख्या में बसें लगाई गई हैं।