एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोग घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
शिकोहाबाद रोड पर पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत हो गई। सकीट थाना क्षेत्र के गांव हुलासी निवासी अनुज व गौरव गांव से बाइक पर सवार होकर निजी कार्य से एटा जा रहे थे। इन दोनों के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार हमीरपुर निवासी छक्कन घायल हो गया। एंबुलेंस की मदद से तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना में नरेंद्र, जीतू, सुभाष रविवार को बाइक पर सवार होकर धुमरी में नरेंद्र की बेटी की दवा लेकर वापस अपने गांव पलरा आ रहे थे। बागवाला थाना क्षेत्र में गोलाकुआं पुल पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। नरेंद्र की हालत नाजुक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।