एटा। सोमवार रात से बुधवार तक रुक-रुक कर हुई बारिश से विद्युत निगम को दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 41 विद्युत पोल धराशाई हो गए। दो दर्जन से अधिक पोल झुक गए। छह ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं।
बारिश से जिले की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। कई स्थानों पर फॉल्ट हुए तो कई विद्युत पोल टूट गए। वही ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए। इसके चलते निगम के कर्मचारियों को आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिशाषी अभियंता (नगर क्षेत्र) आरबी राय ने बताया कि बारिश व आंधी से तीन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। वहीं तीन विद्युत पोल टूट गए, कुछ इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हुए। इससे दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। अधिशाषी अभियंता (ग्रामीण प्रथम) सोपाली सिंह ने बताया कि क्षेत्र में तीन ट्रांसफार्मर खराब हो गए और 30 पोल टूट गए। कुछ पोल झुके भी हैं। इससे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अधिशाषी अभियंता (ग्रामीण द्वितीय) एपी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 8 पोल टूट गए हैं। जबकि एक दर्जन से अधिक पोल झुक गए हैं। केबिल, इंसुलेटर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।