अलीगंज। लापता विमलेश की तलाश में शुक्रवार को पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम ने काली नदी में 35 किलोमीटर तक खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
गांव गलारपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनका भाई विमलेश 20 अक्तूबर को मेला देखने गया था। गांव का ही एक युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी भाई का कोई सुराग नहीं लगा। अजय ने गांव के ही दो लोगों पर भाई के अपहरण का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्हें शक है कि भाई की हत्या कर शव काली नदी में फेंक दिया गया है।
अजय की आशंका के बाद पुलिस ने नदी में तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार को पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम ने करीब 35 किलोमीटर तक नदी में खोजबीन की, लेकिन विमलेश का पता नहीं चला। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और पीएसी की गोताखोर टीम ने काली नदी में 35 किलोमीटर तक तलाश की है। अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। शव बरामद होने से पहले हत्या के संबंध में कुछ भी कहना संभव नहीं है।