एटा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। 28 जुलाई को यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए कक्ष निरीक्षकों की तैनाती कर दी गई है। कुल 35 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। इसमें 5 कक्ष निरीक्षकों को रिजर्व में रखा गया है।
जिले में कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 512 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें हाईस्कूल के 426 तथा इंटरमीडिएट के 86 परीक्षार्थी शामिल हैं। सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
परीक्षा को सकुशल करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह की ओर से 35 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं डॉ. इंद्रजीत सिंह ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि, समय और प्रवेश पत्र से संबंधित सभी जानकारियों की पहले से पुष्टि कर लें तथा निर्धारित समय से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8ः30 बजे 11ः45 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5ः15 बजे तक होगी।