रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ने के लिए लगी यात्रियों की भीड़ ।
- फोटो : ETAH
एटा। मुडिया मेले में सोमवार को एटा डिपो से तीस बसें भेज दी गई हैं। पहले से ही बसों के टोटे से जूझ रहे यात्रियों के लिए समस्या और बढ़ गई है। डिपो ने लंबे रूट पर बसें लगभग यथावत रखी हैं। जबकि कम कमाई वाले छोटे रूटों से बसें हटा ली हैं। इससे लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं और डग्गामार वाहनों का सफर करना पड़ रहा है।
डिपो के पास कुल 104 बसें निगम की हैं। इनमें से 25 बसें वर्कशॉप में सामान के अभाव में खड़ी हैं। जबकि 30 बसें सोमवार को मुड़िया मेले में मथुरा भेजी गई हैं। ऐसे में रोडवेज बसों से सफर करने वाले लोगों के लिए समस्या खड़ी हो गई है। मंगलवार को सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी। इस दौरान यात्रियों में बसों में सीट को लेकर मारामारी रही।
स्थिति यह थी कि यात्री खिडकियों के जरिए सामान सीटों पर रख घुस रहे थे। शिकोहाबाद, कासगंज, गंजडुंडवारा के अलावा अलीगढ़ और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी दो से तीन घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ा।
30 बसों को मुड़िया मेला में भेजा गया है। डिपो में जो बसें बची हैं, उनको मार्गों पर दौड़ाया जा रहा है। यात्रियों को असुविधा न हो इस पर ध्यान दिया जा रहा है।
राजेश यादव, एआरएम