शुक्रवार सुबह गांव परौली के पास पेड़ की टहनी बचाने के चक्कर में रोडवेज बस सामने से तेजगति में आते ट्रक से भिड़ गई। बस में सवार 30 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने गंभीर घायल 18 यात्रियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर छह लोगों को आगरा रेफर कर दिया है।
शुक्रवार सुबह फर्रुखाबाद डिपो की बस एटा से फर्रुखाबाद की तरफ जा रही थी। वहीं ट्रक फर्रुखाबाद से एटा की तरफ आ रहा था। बताते हैं कि दोनों ही वाहनों की रफ्तार तेज थी। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही बस थाना जैथरा के गांव परौली के पास पहुंची। सामने एक पेड़ की टहनी आ जाने पर बस चालक ने उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का चालक वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता पत्नी रामविलास, इनकी बेटी वंदना, राखी, बेटा सुमित निवासी भगीपुर कोतवाली नगर, दुर्गविजय, इनकी पत्नी ऊषा देवी, नीलम पत्नी विनय, शिखा पत्नी राहुल, विनय निवासी सरौठ जसरथपुर, प्रदीप निवासी रामनगर थाना कंपिल फर्रुखाबाद, राजबहादुर निवासी डामरी सिढ़पुरा, लालजी यादव निवासी नोगजा अंबेडकरनगर, बुद्धपाल निवासी दयोना जैथरा, शीला पत्नी रूपराम, बबली पत्नी गिरीश, रूपराम निवासी रखा थाना जैथरा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पर भर्ती कराया। बाद में सभी को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने ममता, राखी, लालजी यादव, राजबहादुर, गुलाब सिह, बुद्धपाल की हालत गंभीर देख आगरा रेफर कर दिया है।
----
सपा विधायक व भाजपा नेता पहुंचे
अलीगंज। बताते हैं कि रोडवेज बस के पीछे अलीगंज विधायक रामेश्वर सिंह यादव भी आ रहे थे। घटना के बाद उन्होंने पुलिस व एंबुलेंस को कॉल कर जानकारी दी। कुछ देर बाद घटनास्थल पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी बल्देव सिंह राठौर भी सहयोगियाें के साथ पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
---
भूटान से गुड़गांव जा रहा था ट्रक
अलीगंज। गांव परोली पर ट्रक व रोडवेज की हुई भिड़ंत के बाद ट्रक से मिले कागजात से पता चला है कि ट्रक भूटान से गुड़गांव जा रहा था। लोगों का कहना है कि भूटान से गुड़गांव जाने का यह रास्ता नहीं है, वहीं ट्रक में ऑयल भरा है जिससे शक की सुई और घूम रही है। इस संबंध में एसडीएम भैरपाल सिंह ने पुलिस को बारीकी से जांच करने के आदेश दिए हैं कि आखिर भूटान से गुड़गांव जाने के लिए यही रास्ता क्यों चुना। बहरहाल पुलिस इस मामले में जानकारी करने में जुटी है और ट्रक में जो ऑयल के ड्रम रखे हैं उसकी जांच कराई जा रही है।