एटा। साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 25 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है। इस सफलता से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।
कोतवाली देहात प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 27 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने झांसे में लेकर 25 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। शिकायत पर साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू की। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए ठगी की गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम टीम और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में साइबर हेल्प डेस्क टीम के उपनिरीक्षक संदीप राणा और कांस्टेबल सूरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें। ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करें।