एटा। आंधी के साथ हुई बरसात में शुक्रवार रात 234 विद्युत खंभे टूट गए। वहीं, 10 बिजली ट्रांसफाॅर्मर भी फुंक गए।
इसी के साथ बिजली लाइनों को भी काफी नुकसान हुआ। विद्युत निगम को जहां 15 लाख रुपये की क्षति हुई। वहीं, शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक आधे शहर और कई गांव की आपूर्ति ध्वस्त रही। कई गांव में देर शाम तक काम चलता रहा।
आंधी में 30 से अधिक पेड़ भी टूटे हैं। कई पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों पर गिरे, इससे लाइनें और विद्युत खंभे टूट गए। शनिवार को इन पेड़ों को हटाने में ग्रामीण जुटे रहे जबकि विद्युत निगम के कर्मचारी लाइन व खंभों को दुरुस्त करने में लग गए।
शहर में 9 बिजली खंभे गिरे हैं। विद्युत लाइनों और खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति गुल हो गई है। शहर के कैलाशगंज, रैवाड़ी मोहल्ला, मेहता पार्क, घंटाघर, ठंडी सड़क आदि इलाकों में शनिवार दोपहर के समय आपूर्ति सुचारू हो सकी। सुबह के समय लोग पानी के लिए परेशान रहे।