एटा। मेडिकल कॉलेज का नक्शा काफी समय पहले ही जारी हो चुका है। इसमें मेडिकल कॉलेज की हर छोटी बड़ी इमारत का जिक्र किया है, लेकिन इमरजेंसी नक्शे से गायब है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। इमरजेंसी कहां रखी जाए, इस पर मंत्रणा शुरू हो गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में तैयार होने वाले मेडिकल कॉलेज के नक्शा में डाक्टर्स आवासीय परिसर, ओपीडी, नर्स हॉस्टल आदि को जगह दी गई है, लेकिन इमरजेंसी का कोई खाका तैयार नहीं किया है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी को उपयोग होना संभव नहीं हैं, क्योंकि यहां पर इमरजेंसी पहले से ही काफी छोटी है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी को ट्रामा सेंटर का रूप दिया जाना है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने नक्शा गौर से देखा तो इमरजेंसी न होने की बात सामने आई। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों से भी मंत्रणा हुई है। नोडल अधिकारी व एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के प्राचार्य को भी आगामी बैठक में आमंत्रित किया है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी नक्शा में प्रदर्शित नहीं है। अगर इमरजेंसी नहीं बनेगी तो भविष्य में दिक्कत सामने आ सकती है। इसलिए समय रहते अधिकारियों से मंत्रणा कर विचार किया जा रहा है। डीएम को भी अवगत कराया है और नोडल अधिकारी को भी बैठक में आमंत्रित किया है।
-डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ।