एटा। जिला पंचायती राज विभाग में तैनात करीब 200 सफाई कर्मचारियों की होली इस बार खुशियों से दूर रहने वाली है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को त्योहार से पूर्व वेतन नहीं मिला जिससे उनमें गहरी नाराजगी और निराशा है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कमल वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए थे कि कर्मचारियों को होली से पहले वेतन अवश्य उपलब्ध कराया जाए ताकि वे त्योहार की तैयारी कर सकें। इसके बावजूद जिले में सफाईकर्मियों का वेतन रोक दिया गया।
जिलाध्यक्ष ने पंचायती राज कार्यालय के लेखाकार व सफाई कर्मचारी हेम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन जारी न करने को लेकर बजट का बहाना बनाकर 200 सफाईकर्मियों को उनका हक नहीं दिया गया। जिले में 840 सफाई कर्मचारियों की तैनाती है जिसमें 640 का वेतन जारी कर दिया गया जबकि अधिकारी 200 कर्मचारियों की परेशानी को समझने के बजाय लगातार टालमटोल कर रहे हैं।
जिला महासचिव ओमवीर ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद भी वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले वेतन मिलने की उम्मीद लिए बैठे सफाई कर्मचारी अब पूरी तरह निराश हो चुके हैं। डीपीआरओ मोहम्मद राशिद ने बताया कि बाकी सफाईकर्मियों का जल्द वेतन जारी किया जाएगा।