यश योग सेवा समिति की ओर से रविवार को हुई कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर लठ मार होली खेलते लोग। संवाद
एटा। यश योग सेवा समिति की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना-प्रदर्शन स्थल पर सुबह 6 बजे से संचालित शिविर में लठमार होली का आयोजन किया गया। होली उत्सव के प्रति उत्साह ऐसा रहा कि हुरियारे सुबह 5 बजे से ही अपने-अपने घरों से ढोलक, मजीरा, खड़ताल, लठ, ढाल, गुजिया व विभिन्न पकवान लेकर भजन-कीर्तन करते हुए धरना स्थल पर पहुंचे।
महिला-पुरुष हुरियारों ने प्रभु भजन रूपी होली गाई गीतों पर सभी नाचने को मजबूर हो गए। पारंपरिक लठमार होली में महिला हुरियारों ने पुरुष हुरियारों पर लट्ठों से प्रहार किए जबकि पुरुष ढाल लगाकर उनसे बचते नजर आए। यह दृश्य देखने वालों मथुरा की होली की याद दिलाई। समिति की होली टोली शहर में भ्रमण को निकली जो कार्यक्रम स्थल पर लौटकर होलिका मैया को विश्राम देने की परंपरा निभाई गई।
इसके बाद सभी ने साथ लाए पकवान मिठाई और गरमागरम चाय का आनंद लिया। अंत में योग प्रशिक्षक यशवीर सिंह ने सभी को प्रतिदिन शिविर में योग करने का आग्रह करते हुए होली के अवसर पर आपसी बैर-भाव मिटाकर प्रेम व मैत्रीभाव से रहने का संदेश दिया।
महिला संरक्षक सुनीता गुप्ता, प्रांत महिला प्रभारी आशू वार्ष्णेय, सह-महिला प्रभारी मंजू वार्ष्णेय, योग शिविर संरक्षक परमेश्वरी दयाल, मुकेश वार्ष्णेय कुलदीप वार्ष्णेय, गौतम वार्ष्णेय मौजूद रहे। यश योग सेवा समिति की अध्यक्ष स्नेहलता चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।