एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में अलीगंज मार्ग पर एक धर्मकांटे के सामने बाइक सवार बैंक कर्मचारी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। सकरौली थाना क्षेत्र में कस्बा के पास ही अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे एक मैरिज होम कर्मचारी की मौत हुई है। दोनों ही घटनाएं बुधवार की देर शाम घटित हुईं।
थाना कोतवाली देहात के गांव नरहरा निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि बेटा राहुल (22) शहर में आगरा रोड पर स्थित इंडसलैंड बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर काम करते थे। रोज की तरह बुधवार की देर रात बैंक से काम कर बाइक से घर घर लौट रहे थे। अलीगंज मार्ग पर एक धर्मकांटे के सामने पहुंचते ही अज्ञात वाहन की चपेट में कर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजन व पुलिस को सूचना दी और घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल 3 भाई बहनों में सबसे बड़ा था। मौत की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
दूसरी घटना में नगला बख्त थाना सकरौली निवासी अनिल कुमार ने बताया कि भाई सतेंद्र पाल (22) बुधवार की देर शाम घर से मैरिज होम जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अनिल कुमार ने बताया कि सतेंद्र पाल 3 भाई बहनों में दूसरे नंबर के थे। सकरौली कस्बा के ही श्रीकंठ मैरिज होम में देखरेख का काम करते थे। बुधवार को गांव में तहेरे भाई जुगेंद्र पाल सिंह की शादी थी। वहां से दावत खाकर पैदल मैरिज होम जा रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और मौत हो गई। दोनों ही मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।