एटा। एटा-कासगंज फोरलेन निर्माण में अब विद्युत पोल रोड़ा बन रहे हैं। विद्युत पोल के स्थानांतरित नहीं किए जाने से निर्माण कार्य में देरी हो रही है। ऐसे में कार्यदायी संस्था ने तीन महीने का समय बढ़ा दिया है।
एटा-कासगंज को फोरलेन से जोड़ने की कवायद सपा सरकार में की गई थी। यह कार्य कार्यदायी संस्था पीएनसी को सौंपा गया था लेकिन पहले वन विभाग ने पेड़ों को काटने के नाम पर उलझाया तो अब विद्युत विभाग ने पोलों को स्थानांतरित नहीं कर निर्माण कार्य में अड़ंगा डाल दिया है। फोरलेन का कार्य मार्च 2019 में पूर्ण होना था लेकिन अब यह कार्य जून तक होने की संभावना है। विद्युत पोल नहीं हटने से कार्य को गति नहीं मिल पा रही है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी ने निर्धारित समय को तीन माह बढ़ा दिया है।
विद्युत पोल हटाने के लिए बिजली विभाग को कई बार लिखा जा चुका है लेकिन विद्युत विभाग ने तत्परता नहीं दिखाई। इस कारण कार्य को गति नहीं मिल पा रही है। यही वजह है कि तीन महीने का समय कार्यदायी संस्था को दिया गया है।
अजय कुमार, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी