गुरुवार की परीक्षा में 12 नकलची पकड़े गए। गोलाकुंआ स्थित परीक्षा केंद्र पर फर्जी कक्ष निरीक्षक को लेकर केंद्र व्यवस्थापक से जवाब तलब किया गया है। अलीगंज क्षेत्र के अंगदपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर चार परीक्षार्थियों की कापी एक जैसी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गुरुवार सुबह हाईस्कूल परीक्षा में छह नकलची पकड़े गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसएस यादव ने एलएस इंटर कालेज अचलपुर पर दो, डायट प्राचार्य ने एलएस इंटर कालेज जलेसर पर एक, एसडीएम अलीगंज भैरपाल सिंह ने नेहरू स्मारक इंटर कालेज जैथरा पर एक एवं एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह ने नगला मई पर दो नकलचियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
सुबह की पाली में ही गोलाकुंआ स्थित लक्ष्मण सिंह गंगादेवी उमावि केंद्र पर फर्जी कक्ष निरीक्षक मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम भैरपालसिंह को अंगदपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर चार परीक्षार्थियों की एक जैसी उत्तर पुस्तिकाएं मिलने पर केन्द्र व्यवस्थापक को कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, शाम की पाली में भी छह नकलची पकड़े गए। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज गिरि ने अलीगंज स्थित इस्लामियां अल्ताफिया इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर दो छात्राओं, विद्या निकेतन वाहनपुर पर दो छात्र सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील कुमार एवं डायट प्राचार्य ने मुलायम सिंह इंटर कालेज देवकरनपुर पर एक एवं डा.रामसिंह इंटर कालेज जलेसर पर भी एक नकलची पकड़ा।