यूपी में मिर्जापुर के घाटमपुर के पास शनिवार की सुबह आठ बजे दस चक्का ट्रक ने सामने से आ रही टैंपो को टक्कर मार दी। इसमें टैंपो सवार आठ लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दस लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। टैंपो में सवार लोग हिनौता के छुछाड़पूर्वा गांव से वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
अहरौरा थानाक्षेत्र के हिनौता गांव के छुछाड़पूर्वा में 15 मई को लल्ला राजभर की लड़की की शादी थी। इसमें रिश्तेदार आए थे। शनिवार की सुबह लगभग छह बजे आठ बच्चों समेत 18 लोग टैंपो में सवार होकर अपने-अपने घरों के लिए निकले।
टैंपो क्षेत्र के घाटमपुर स्थित प्रगति औद्योगिक केंद्र के पास पहुंची, दस चक्का ट्रक को ओवरटेक कर तेजगति से आ रहे दूसरे दस चक्का ट्रक ने टैंपो को चपेट में ले लिया। ट्रक में फंसी टैंपो घसीटते हुए करीब 50 मीटर की दूरी तक चली गई।
घायलों की हालत चिंताजनक
हादसे में टैंपो सवार उत्तल (42) पत्नी पनारू, उनकी बेटी सोनी (12) निवासी छोटा मिर्जापुर, किशोरी राजभर निवासी खालिदपुर वाराणसी, आशा (26) पत्नी शिवबचन निवासी शिवपुर वाराणसी, नेहा (11) पुत्री संजय निवासी रोहनिया, वाराणसी और एक अन्य व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां इलाज के अभाव में तारा देवी (56) पत्नी गौरीशंकर निवासी रामपुर वाराणसी और गिरीचरन (50) पुत्र चनुआ निवासी श्रीपुर सारनाथ, वाराणसी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अमित (11), अरुण (9) और आचल (6) पुत्रगण जोखू निवासी चतुरीपुर चकिया जनपद चंदौली, इसी गांव के कल्लू (35), कलावती (60) पत्नी किशोरी निवासी खालीदपुर वाराणसी, महेश (12) पुत्र गनेश नक्कीघाट वाराणसी, काजू (14) पुत्र बचाऊ सारनाथ वाराणसी, चंदन (12) पुत्र कल्लू मुबारकपुर चकिया, चंपा (75) पत्नी स्व. छोट्टन सारनाथ वाराणसी तथा टैंपो चालक अशोक (40) पुत्र गोविंद साहनी मुबारकपुर चकिया को वाराणसी रेफर कर दिया।
इनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। कोतवाल रमेश यादव ने ट्रक बरामद करने का दावा किया है। बताया कि समस्त शव पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिए गए।
तिलहर में हुआ दूसरा हादसा
यूपी के शाहजहांपुर के तिलहर में नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह सरऊ पुलिया के पास बरेली की ओर जा रहे एक ट्रक ने सवारियों से भरे एक टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के शिकार चार लोगों की पहचान हो गई है। एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनमें तीन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक को परिवारवाले बरेली ले गए हैं। दुर्घटना के बाद टेंपो और ट्रक का चालक फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
टेंपो को घसीट ले गई ट्रक
तिलहर बाईपास से लगभग साढ़े सात बजे एक टेंपो सवारियां लेकर कटरा जा रहा था। टेंपो में सभी सवारियां तिलहर चौराहे से बैठी थीं। नेशनल हाईवे पर जैसे ही टेंपो सरऊ पुलिया से कुछ आगे पहुंचा, पीछे से आ रहा एक ट्रक ने टेंपो को रौंद दिया और काफी दूर तक उसे घसीट ले गया। इसके बाद ट्रक असंतुलित होकर खाई में पलट गया। टेंपो में फंसी सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में सात लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि मुजम्मिल अली ने तिलहर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों की शिनाख्त हो गई है।
इनमें शाहजहांपुर सदर बाजार थाना क्षेत्र के गांव शहबाजनगर निवासी इकरार की 35 वर्षीय पत्नी आसमां, शहबाजनगर के ही बढ़िया तकिया इलाके के निवासी अकबर अली का 21 वर्षीय बेटा मुजम्मिल अली, तिलहर के मोहल्ला उम्मरपुर में रहने वाली 56 वर्षीय शिक्षिका निकहत सईद और तिलहर के मोजम्मपुर निवासी मीट के दुकानदार इरशाद शामिल हैं। 48 वर्षीय इरशाद का शव खाई में पलटे ट्रक को हटाते समय मिला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
नहीं हो पाई शवों की शिनाख्त
जिन चार शवों की शिनाख्त नहीं पाई है, उनमें 35 वर्षीय एक पुरुष, 30 वर्षीय एक महिला के अलावा, डेढ़ और पांच साल के दो बच्चे शामिल हैं। ये चारों एक ही परिवार के माने जा रहे हैं। इनमें मुजम्मिल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मामले में आसमां के मामा मुमताज की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हादसे में घायल होने वालों में तिलहर के मोहल्ला हिंदू पट्टी निवासी सुरेंद्र बहादुर का बेटा अवनीश कुमार, मोहल्ला नजरपुर के श्रीपाल सिंह की बेटी वीना सिंह, शहबाजनगर नई बस्ती के इकरार शामिल हैं। इकरार की पत्नी आसमां हादसे में मौत का शिकार हो गईं। वहीं घायल हुईं वीना सिंह कटरा के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।