दबंग ने एक डीयू स्टूडेंट को रातभर बंधक बनाकर ‘थर्ड डिग्री’ दी, उससे कुकर्म किया और रस्सी से बांधकर नंगा करके पीटा।
इतना ही नहीं दबंग ने उसके जख्मों और अंगों पर नमक, मिर्च और पेट्रोल डाला और कुत्तों से भी कटवाया।
अश्लील एमएमएस बना और फोटोग्राफ खींचकर फेसबुक पर छात्र के ही नाम से आईडी बनाकर अपलोड कर दिया। पंचायत में फैसले होने के बाद छूटकर आए छात्र ने बुधवार को एसपी क्राइम को आपबीती सुनाई।
युवक ने आत्महत्या करने की अनुमति मांगी तो मामला प्रकाश में आया। मामले में लोनी कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।
छात्र ने बताया कि आरोपी दबंग की बेटी से उसकी दोस्ती थी, लेकिन अब वह उससे बात नहीं करता। छात्रा के मोबाइल पर कोई फोन करता है, उसके पिता को शक है कि वह फोन करता है।
सोमवार शाम वह खेतों पर था, तभी कारों में कुछ युवक आए। उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर अगवा कर ले गए। रातभर उसे एक कमरे में रखा और उससे दरिंदगी की।
मंगलवार को जब उसके अगवा होने का पता उसके परिजनों और गांववालों को चला तो गांव में पंचायत हुई। तब उसे मुक्त किया गया।
बुधवार को उसके दोस्तों के उसके पास फोन आए कि उसके अश्लील फोटोग्राफ और वीडियो एफबी पर पड़े हैं।
वह इस कदर बेइज्जत हो चुका है कि अब जीना नहीं चाहता। एसपी क्राइम ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया।। एसपी क्राइम राम अभिलाष त्रिपाठी ने बताया कि मामला गंभीर है। पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कुकर्म, अपहरण, आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज
लोनी पुलिस ने बताया कि छात्र की शिकायत पर एफआईआर कुकर्म, अपहरण, आईटी एक्ट और मारपीट की धाराओं में दर्ज की गई है।
पंचायत में हो गया था समझौता
छात्र का कहना है कि उसके साथ इस कदर दरिंदगी होने के बाद भी पंचायत हुई, जिसमें तय किया गया कि दोनों में से कोई भी पक्ष कार्रवाई नहीं करेगा।
इस सहमति भी बन गई थी। अगर छात्र के फोटो फेसबुक पर अपलोड नहीं होते तो दरिंदगी की ये कहानी कभी सामने नहीं आ पाती।
‘छात्र ने मेरी बेटी के फोटो एफबी पर किए थे अपलोड’
लड़की के पिता का कहना है कि छात्र ने उसकी बेटी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके फोटोग्राफ अपलोड कर दिए थे। उसे बातचीत करने के लिए बुलाया गया था।
मारपीट और छात्र के अश्लील फोटो फेसबुक पर अपलोड करने वाली बात झूठी है। पंचायत में छात्र ने अपनी लिखित में गलती मानी थी। तब समझौता हुआ था।