घांटी बाजार। भटनी थाना क्षेत्र के घांटी खास गांव के थवई टोला निवासी गुलाम गौस पुत्र स्व. सराफुल बृहस्पतिवार को घर में कार्य करते समय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वह ग्राइंडर मशीन से घर की बिजली लाइन सेट करने के लिए दीवार काट रहे थे। इसी दौरान अचानक मशीन फिसल गई और उनके पेट में जा लगी।
ग्राइंडर की चपेट में आने से उनका पेट बुरी तरह कट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देख उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज देवरिया में प्राथमिक इलाज के बाद भी हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने बताया कि गुलाम गौस घर के मरम्मत कार्य में लगे थे, तभी यह हादसा हो गया। चिकित्सकों के अनुसार घाव गहरा होने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।