रुद्रपुर। क्षेत्र के बेलकुंडा निवासी दिव्यांग युवक की स्कूटी से गिरकर मौत हो गई। वह गांव के एक शख्स के दाह संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहा था। उसके सिर में चोट लगी और मौत हो गई। मृतक की पत्नी भी दिव्यांग है।
मंगलवार की शाम बेलकुंडा निवासी रमाकांत भारती की मौत हो गई। गांव वाले दाह संस्कार के लिए नगर के भभौली बाईपास स्थित वैकुंठ धाम गए थे जिसमें रामप्रताप यादव (30) निवासी बनसप्ती बाजार बेलकुंडा भी गया था। देर शाम लौटते समय वह अपने एक साथी के स्कूटी पर बैठने का प्रयास कर रहा था कि संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिर गया। उसके सिर में चोट लगी।
लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत बताया। मृतक रामप्रताप एक पैर से दिव्यांग थे। उनकी पत्नी नीरज देवी भी दिव्यांग हैं। मृतक रामप्रताप तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई पप्पू यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में दुबई में रहता हैं, जबकि छोटा भाई ओमप्रकाश यादव घर पर रहकर गाड़ी चलाता है।
मृतक पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से पत्नी नीरज देवी, डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे आरव और मां लीलावती देवी के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। रामप्रताप की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पति को खोने के गम में पत्नी नीरज देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं जवान बेटे की मौत से मां लीलावती देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
सीओ राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन ने अभी कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है।