सलेमपुर। मझौली राज वार्ड नंबर एक की महिला सभासद के पति के भाई की बृहस्पतिवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के मझौली राज नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक निवासी पप्पू यादव की पत्नी सुनीता देवी वार्ड की सभासद हैं। बृहस्पतिवार की शाम उनके जेठ प्रवीण यादव (40) किसी कार्य से सलेमपुर आए थे। वे देर रात घर लौट रहे थे। अभी सलेमपुर-मझौलीराज मार्ग पर स्थित नदावर पुल के समीप पहुंचे थे कि तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से घायल को सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सक ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी उर्मिला देवी, भाभी सुनीता देवी, बेटी पूजा यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात वाहन के चपेट में आने से सभासद के जेठ की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।