- मौके पर पहुंचे जीआरपी जवान से हाथ छुड़ाकर भाग निकले हमलावर
- स्टेशन मास्टर ने जीआरपी व आरपीएफ भटनी को दी लिखित सूचना
- घायल युवक ने जीआरपी भटनी को दी तहरीर
भाटपार रानी। स्थानीय रेलवे स्टेशन के आरक्षण खिड़की पर शनिवार की आधी रात में तत्काल टिकट के लिए कतार में खड़े युवक को दलाल मारने-पीटने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की आवाज सुनकर जीआरपी का जवान वहां पहुंचा। उसने हमलावरों को पकड़ भी लिया, लेकिन हमलावर जीआरपी जवान को खींचकर थोड़ी दूर आगे ले गए और वहां से भाग निकले। सहायक स्टेशन मास्टर ने जीआरपी और आरपीएफ भटनी और लोकल पुलिस को भी सूचना दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए करीब दो महीने से मारामारी चल रही है। तत्काल टिकट के लिए लोग आधी रात को ही भाटपार रानी रेलवे स्टेशन के तत्काल टिकट काउंटर पर कतार लगा रहे हैं। भाटपार रानी थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेसर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुशवाहा शनिवार की रात भाटपार रानी रेलवे स्टेशन के आरक्षण खिड़की पर अन्य लोगों के साथ कतार में खड़ा था। रात में लगभग 11:38 बजे कुछ दलाल पहुंचे और जबरन उसे हटाकर उसकी जगह पर खड़ा होने लगे। इसका विरोध करने पर दलालों ने रोहित कुशवाहा को बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। इससे वहां हंगामा मच गया।
इसकी जानकारी होने पर जीआरपी का जवान वहां पहुंचा और मारपीट करने वाले एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े युवक को छुड़ाने के लिए उसका दूसरा साथी पहुंचा और जीआरपी के जवान से खींचतान करते स्टेशन भवन से बाहर निकल गए और वहां से दोनों सिपाही से हाथ छुड़ाकर भाग निकले।
ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर रूपेश जायसवाल ने घटना की लिखित सूचना जीआरपी और आरपीएफ भटनी को दी। घायल युवक रोहित ने स्टेशन के शिकायत व सुझाव पुस्तिका में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। बाद में उसने लिखित तहरीर जीआरपी भटनी को दी।
एसओ जीआरपी भटनी अजय कुमार मौर्य ने बताया है कि घायल रोहित कुशवाहा ने तहरीर दी है। रात में ही मैं मौके पर गया था। मामले की छानबीन की जा रही है।