सलेमपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाकर बीच में ही छोड़ आने और बाद में टिकट के रुपये मांगने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित युवक ने मंगलवार को सलेमपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। भरौली वार्ड नंबर-एक निवासी विजय कुमार ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि दुर्गेशनिवासी भठवां सलेमपुर, उसे और उसके दो दोस्तों को नौकरी दिलाने के बहाने दिल्ली ले गया था। दुर्गेश ने भरोसा दिलाया था कि यदि नौकरी नहीं मिली तो वह टिकट के रुपये देकर सभी को घर भेज देगा।
दिल्ली पहुंचने के कुछ दिन बाद ही दुर्गेश छोड़कर खुद घर लौट आया। किसी तरह विजय और उसके दोनों साथी सलेमपुर लौटे। इसके बाद दुर्गेश ने विजय से टिकट के रुपये की मांग शुरू की। जब विजय ने रुपये देने से इन्कार किया तो दुर्गेश ने उसे मारपीट की धमकी दी। मंगलवार की शाम कुछ अज्ञात लोगों ने विजय को उसके घर के पास बुलाकर उसके साथ मारपीट की। संवाद