संवाद न्यूज एजेंसी भाटपार रानी/प्रतापपुर। बड़ौदा यूपी बैंक, भवानी छापर शाखा में हुए करोड़ों रुपये के गबन मामले में फरार चल रहे तत्कालीन शाखा प्रबंधक रोहित कुमार सिंह के विरुद्ध अब पुलिस ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। श्रीरामपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय द्वारा एक जुलाई 2025 को घोषित 82 सीआरपीसी की कार्रवाई के तहत बिहार के बक्सर जिले स्थित उनके स्थायी आवास ग्राम उमेदपुर, थाना ब्रह्मपुर में नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई।
उल्लेखनीय है कि रोहित कुमार सिंह, पुत्र अर्जुन सिंह, पर 1 करोड़ 73 लाख 50 हजार रुपये के गबन का आरोप है। यह मामला बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक भीमा पुत्र तुबर निवासी ग्राम पनइल, थाना दोहरीघाट, जिला मऊ की ओर से 18 जून 2024 को दर्ज कराया गया था।
केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शाखा प्रबंधक फरार चल रहा है। पुलिस ने विभिन्न प्रयासों के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिसके बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई का आदेश जारी किया। श्रीरामपुर थानाध्यक्ष कपिल देव चौधरी ने बताया कि अदालत के आदेश के अनुपालन में आरोपी के पैतृक घर पर नोटिस चस्पा किया गया और मुनादी कराई गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी विधिक प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्की और नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।