बरियारपुर। थाना क्षेत्र के कुशहरी गांव में गुच्ची खेलने से मना करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना फरवरी माह की बताई जा रही है। पुलिस द्वारा प्रारंभ में कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश के बाद अब पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशहरी निवासी विवेक कुमार अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक उन्हें गुच्ची खेलने के लिए बुलाने लगा। मना करने पर आरोपी नाराज हो गया और अपने साथियों को बुलाकर विवेक पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और चाकू से वार कर दिया, जिससे विवेक के हाथ में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद घायल विवेक कुमार ने थाने और एसपी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सचिन, मनीष, व्यास, अंकिता और रामकेवल सहित पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एसओ दीपक सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।