देवरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र की एक युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने संपर्क में लाने, कमरे में बंधक बनाकर रखने और यौन शोषण करने का आरोप एक युवक पर लगा है। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि युवक युवती के साथ मारपीट भी करता था। परिजन उसे छुड़ाकर घर ले आए तो युवक ने साथियों के साथ पहुंचकर दोबारा जबरन ले जाने की कोशिश की। घटना 25 और 27 अक्तूबर की है। तहरीर के मुताबिक, अप्रैल 2026 में युवती नाबालिग थी।
इसी दौरान युवक ने उसे देवरिया के एक होटल में नौकरी दिलाई थी। इसके बाद वह उसे परेशान करने लगा। आरोप है कि आरोपी युवती को कमरे में बंद रखता था और उसका यौन शोषण करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। उसने युवती के दस्तावेज, मोबाइल और अन्य सामान भी अपने पास रख लिए थे।
25 अक्तूबर की शाम युवती ने परिजन को फोन कर मदद मांगी। आरोप है कि परिजन उसे लेने पहुंचे तो युवक ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन युवती को किसी तरह छुड़ाकर घर ले आए। इसके बाद युवती ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
परिजन का आरोप है कि 27 अक्तूबर की रात युवक तीन-चार साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की। परिजन ने डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस को सूचना देने पर युवक साथियों के साथ बाइक से भाग गए। कोतवाली पुलिस ने अभिनव सिंह निवासी जीयूत चौराहा रामगुलाम टोला पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच दरोगा अवनीश कुमार सिंह को सौंपी है। इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।