खुखुंदू/देवरिया। बाजार से घर लौट रहे युवक को मनबढ़ों ने घेरकर हाथ-पैर बांध दिया। आरोप है कि हमलावर उसे दूसरी जगह ले गए। वहां लोहे की राॅड, ईंट और डंडे से पिटाई कर दी। मामला एक सप्ताह पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा चौराहे के पास की है। पीड़ित युवक के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव निवासी योगेंद्र यादव का बेटा उत्कर्ष यादव एक सप्ताह पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के सोंदा में बुआ के घर गया था। आरोप है कि शाम को वह देवरिया के कसया ढाला के पास एक दुकान से अपने लिए कपड़े खरीदा। पीड़ित के पिता का आरोप है कि बड़हरा चौराहे के पास कुछ युवकों ने बेटे की बाइक रोक ली। हाथ-पैर बांध कर उत्कर्ष की पिटाई कर दी। मारने-पीटने के बाद उसे बड़हरा चौराहे पर छोड़ गए।
आरोप है कि हमलावरों ने उत्कर्ष की सोने की चेन भी छिन ली। पीड़ित के पिता का कहना है कि घटना के दिन ही रात में बड़हरा चौराहे पर पहुंच 112 पुलिस को जानकारी दी गई थी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद