संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। एसडीओ, अवर अभियंता व अन्य बिजलीकर्मियों की पूरी रात मेहनत के बाद ब्लास्ट केबल व खराब ट्रांसफाॅर्मर को दुरुस्त कर दिया गया। इसके बाद करीब 25 घंटे के बाद तीन फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल हुई। हालांकि, कुछ देर बाद ही लोकल फाल्ट के कारण फिर बिजली गुल हो गई। बिजली की समस्या से जूझ रहे करीब डेढ़ सौ गांव के लोग कटौती और एक ट्रांसफाॅर्मर से दो घंटे की शिफ्टवार आपूर्ति से नाराज हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से नए पांच एमबीए ट्रांसफाॅर्मर चालू कराने की मांग की है। भटनी विद्युत उपकेंद्र से नगर, हतवा, देहात, बलुआ अफगान, बैकुंठपुर और बैकुंठपुर फीडर को बिजली आपूर्ति की जाती है। स्टेशन में लगे पांच एमबीए ट्रांसफाॅर्मर से नगर व हतवा, पांच एमबीए ट्रांसफाॅर्मर से घांटी बाजार और 10 एमबीए ट्रांसफाॅर्मर से देहात, बलुआ अफगान और बैकुंठपुर फीडर की आपूर्ति होती है। एक ट्रांसफाॅर्मर से तीन फीडर चलने से इन दिनों ओवरलोड की समस्या आ गई है।
ऐसे में जिम्मेदार तीनों फीडरों को दो -दो घंटे शिफ्टवार बिजली देकर किसी तरह काम चला रहे हैं। रविवार की सुबह अचानक ट्रांसफाॅर्मर का केबल ब्लास्ट हो गया और ट्रांसफाॅर्मर में अंदरूनी दिक्कत आ गई।
इसके बाद नगर और हतवा फीडर भी ब्लास्ट कर गया। इससे एक साथ नगर और डेढ़ सौ गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। रात में फीडर दुरुस्त कर नगर, हतवा और घांटी बाजार फीडर की बिजली चालू करने पर अन्य तीनों फीडर के लोग नाराज हो गए।
50 की संख्या में सब स्टेशन पहुंचे लोगों ने देहात, बलुआ अफगान और बैकुंठपुर फीडर की आपूर्ति होने पर ही बिजली बहाल करने की बात कही। इस पर कर्मी उपकेंद्र का ताला बंद कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों को समझाकर घर भेजा। इसके बाद एसडीओ, जेई और अन्य बिजलीकर्मियों ने सलेमपुर से नया केबल मंगवाकर पूरी रात ट्रांसफाॅर्मर को दुरुस्त किया।
सोमवार की सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल हुई, मगर कुछ देर बाद लोकल फाल्ट के चलते बत्ती गुल हो गई। बिजली नहीं होने से करीब 24 घंटे डेढ़ सौ गांव के लोग परेशान रहे। अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि ब्लास्ट केबल बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी गई।