देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र से भटनी आ रहे एक युवक की बाइक शुक्रवार दोपहर पेड़ टकरा गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। हादसा पिपरा विठ्ठल गांव के सामने भटनी-भिंगारी मार्ग पर हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक हेलमेट नहीं पहना था।
खामपार थाना क्षेत्र के धरमखोर करन गांव निवासी यशवंत यादव किसी काम से भटनी बाजार जा रहा था। अभी वह भटनी इलाके के पिपरा विठ्ठल (गिरी टोला) गांव के सामने पहुंचा था कि अचानक उसकी बाइक सड़क के किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।
तेज आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव और ननिहाल दादर टोला से उसके परिजन व रिश्तेदार सीएचसी पहुंच गए। बेटे का शव देख मां दहाड़े मार कर रोने लगी।
वही पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। इसके भाई और अन्य परिजनों का भी रो रोकर बुरा हाल है। इस बाबत एसओ गोपाल पांडेय ने बताया कि बाइक पेड़ से टकराने से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।