सलेमपुर। बनकटा शिव गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण के चलते करीब 15 घर के लोगों का रास्ता अवरूद्ध है। कोई बीमार पड़ जाए तो उनके दरवाजे पर चार पाहिया वाहन या एंबुलेंस नहीं पहुंच सकता है। इसकी शिकायत रामगोविंद प्रसाद ने सीएम पोर्टल व संपूर्ण समाधान दिवस पर भी की लेकिन इसका समाधान नहीं हो पाया। आरोप है कि बिना पैमाइश किए गलत रिपोर्ट देकर अफसरों को गुमराह कर दिया गया है।
पीड़ित रामगोविंद का कहना है कि तहसील में दो बार, डीएम के यहां एक बार और एक बार आईजीआरएस पर शिकायत की। हर बार राजस्व निरीक्षक ने आवेदन को असत्य व शिकायत से इतर रिपोर्ट बनाकर मामले को खत्म कर दिया। गांव में जाने वाला सार्वजनिक रास्ता इतना संकरा है कि लोग अपने घरों तक चार पहिया वाहन से नहीं जा सकते हैं।
इसके चलते गांव के नथुनी प्रसाद, श्रीकांत प्रसाद, राधा प्रसाद, रामबली, दिलीप कुमार, रामदेव, रामदयाल, हरिकेवल प्रसाद, सुबाष प्रसाद, फूलचंद, रामसूरत प्रसाद, मोती चंद प्रसाद, सत्यनरायण गोंड़ और लल्लन गुप्ता के दरवाजे पर वाहन नहीं पहुंच पाते। पीड़ित ने राजस्व निरीक्षक रिपोर्ट की ही जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार अलका सिंह ने कहा कि इसकी जानकारी अभी तक नहीं थी। शिकायत की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।