देसही देवरिया। भटवलिया ट्रांसमिशन से पांडेयचक उपकेंद्र को जोड़ने का कार्य अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद भी महकमे के उच्च अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह कार्य शुरू नहीं हो पाया थ। इस कार्य के पूरा होने के बाद उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
इमिलिया और रामपुर कारखाना के पांडेयचक विद्युत उपकेंद्रों को कुशीनगर जिले के कसया डिवीजन से बिजली मिलती है। इमिलिया उपकेंद्र दोनों उपकेंद्रों के लिए आने वाली 33 हजार की मेन सप्लाई का लोड सहन नहीं कर पा रहा है। आए दिन कसया से लेकर पूरे क्षेत्र में फॉल्ट सहित अन्य समस्याएं उत्पन्न होती रहती हैं।
इस समस्या से निजात के लिए क्षेत्र के विधायक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर देवरिया डिवीजन ने पांडेय चक विद्युत उपकेंद्र को अलग कर जिले के भटवलिया स्थित 132 केवीए ट्रांसमिशन से जोड़ने का प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया। अप्रैल माह में ही इस प्रस्ताव को शासन स्तर से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई। धन जारी होने के बाद भी विभागीय अधिकारियों की उदासीनता की चलते यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका। विभागीय जानकारी के अनुसार, यह कार्य अब अगले सप्ताह से शुरू होने जा रहा है।
...
कोट
शासन स्तर से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाने की वजह गोरखपुर से विभागीय औपचारिकताओं को पूरा करने में विभागीय अड़चनें रहीं। अब सारी चीजें पूरी हो गई हैं। अगले सप्ताह से कार्य शुरू हो जाएगा।
-अमित कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता, देवरिया