मदनपुर। कस्बे के गनियारी वार्ड में संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। मौत की सूचना उसकी बेटी ने मायके वालों को दी।
विवाहिता के भाई की सूचना पर बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।बताया जा रहा पति के लापता होने के 10 साल बाद उसने आम सहमति से देवर से शादी कर ली थी। एक साल पहले पति भी घर लौट आया है।
गनियारी निवासी बेचन यादव की शादी 38 वर्षीय रीता देवी से 2009 में हुई थी जिससे एक बेटी भी हुई। करीब 10 साल पहले बेचन लापता हो गया। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले आम सहमति से रीता की शादी देवर सोनू यादव के साथ कराई गई।
परिवार वालों के अनुसार, एक साल पहले लापता पति घर लौट आया। हालांकि, रीता के दूसरी शादी करने पर कोई विवाद नहीं बताया जा रहा। मंगलवार की देर रात रीता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका मायका गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के पिड़हनी गांव में है।
परिवार वाले रीता के सीने में एक साल से दर्द होने की बात बता रहे हैं, जबकि भाई ने बहन की मौत पर सवाल उठाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। पहला पति बेचन यादव बुधवार की सुबह से ही फरार बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने कहा कि मौत के कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।