खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द गांव के पास सोमवार की दोपहर बाद बाइक की टक्कर से 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा था। देर रात में उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर परिजनों को लगी तो चीख-पुकार मच गई। शव का अंतिम संस्कार बुधवार की सुबह पति और बेटे के बाहर से आने के बाद किया जाएगा।
मुसैला खुर्द गांव निवासी देवी सोमवार को दवा लेने गई थीं। दवा लेकर वह देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर गांव के मोड़ के पास पहुंची थीं, तभी सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
उधर, दुर्घटना की खबर लगते ही पूना में रह रहे पति वीरेंद्र प्रसाद और दिल्ली से बेटा अखिलेश कुमार गांव के लिए चल दिए हैं। बुधवार सुबह पति और बेटे के आने के बाद दाह-संस्कार किया जाएगा। प्रभारी थानेदार जयप्रकाश ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर कर कार्रवाई की जाएगी।