अस्पताल जाते समय रास्ते में स्वास्थ्य कर्मियों ने कराया प्रसव
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। भरहेचौरा गांव निवासी एक महिला ने बुधवार शाम एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। एंबुलेंस ड्यूटी में मौजूद ईएनटी तथा आशा की टीम ने सफल प्रसव कराकर महिला व बच्चे को बचा लिया। परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों की इस प्रयास की सराहना की है।
भरहेचौरा गांव निवासी अनिल साहनी की पत्नी आशा देवी गर्भवती थी। बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिवारीजनों ने एंबुलेंस को कॉल की। वाहन पहुंचने तक महिला की स्थिति काफी गंभीर हो गई थी। अस्पताल ले आने के दौरान ईएनटी दिव्या मौर्या, आशा लालमुनी देवी तथा पायलट अशोक यादव के प्रयास से महिला ने एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा- बच्चा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां जांच के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
ईएनटी दिव्या मौर्या ने बताया कि सूचना पर एंबुलेंस से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाने का प्रयास किया गया। वाहन में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। दोनों स्वस्थ हैं और उनको घर भेज दिया गया है।