- खुखुंदू के सुकरौली गांव का मामला, बेटियां लेकर पहुंची थाने
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में ठंडल जलते देख एक महिला अपने खेत के पास सरसों की तिलठी हटा रही थी। इसी बीच पड़ोसी ने डंठल जलाने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे महिला बार-बार बेहोश हो जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि हमारे खेत में डंठल जला नहीं है। आपस में बारिश होने के बाद डंठल जलाने की बात कर रहे थे। आरोपी बोला कि अभी डंठल जलाने की बात कही तो पुलिस बुला दूंगा। विरोध किया तो पिटाई कर दी। सुकरौली गांव निवासी ज्ञान चंद कुशवाहा पल्लेदारी का काम करते हैं। मंगलवार सुबह भी वह भोजन कर देवरिया चले गए। घर में पत्नी सरोजनी देवी और बेटियां थीं। आग लगने की सूचना पर सरोजनी देवी गांव में काली मंदिर स्थित अपने खेत की तरफ चली गईं। वहां कुछ लोग आग बुझा रहे थे।
सरोजनी देवी आग से बचाव के लिए सरसों की तिलठी हटाने लगीं। हालांकि उनके खेत का डंठल जलने से बच गया था। इस पर उन्होंने कहा कि बारिश के बाद हम भी अपने खेत का डंठल जला देंगे। इसी पर बगल में खड़ा एक व्यक्ति बोला कि जला दो। अभी 112 पुलिस को बुला रहे हैं। सरोजनी देवी ने विरोध किया तो व्यक्ति ने गालियां देते हुए उनकी पिटाई कर दी। उन्होंने भागना चाहा तो उन पर पत्थर चला दिए।
बेटियों का कहना है कि चोट लगने के बाद से मां बार-बार बेहोश हो जा रही है। नजदीक के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया है। डाॅक्टर ने देवरिया में दिखाने के लिए सलाह दी है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि महिला से मारपीट की जानकारी हुई है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।