संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भारतीय किसान यूनियन एवं भूमि बचाओ संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में बाईपास से प्रभावित किसानों के जनजागरण यात्रा के तीसरे दिन किसान संगठनों ने चार गांवों घटैला गाज़ी, रामपुर खुर्द, पोखरभिंडा और परसा बरवां में भ्रमण करके सरकारी लेखपालों के कैंप का विरोध करते हुए हुंकार भरी।
भूमि बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अजीत त्रिपाठी ने कि जब तक प्रशासन द्वारा जमीनों का सही सर्किल रेट लगाकर बाजार मूल्य का बिना कटौती चार गुना मुआवज़ा निर्धारित करके अवार्ड संशोधित नहीं किया जाता, तब तक कोई भी किसान पेपर जमा नही करेंगे और अपनी एक इंच भूमि भी नही देंगे। इसके अलावा संशोधित अवार्ड में भूमि के ऊपर मौजूद फसल, पेड़, निर्माण आदि का भी मुआवज़ा शामिल होना चाहिए।
प्रभावित भूस्वामी चरणदास झुनझुनवाला ने कहा कि सरकार किसानों के साथ ज्यादती कर रही हैं। प्रभावित किसान लाल प्रताप सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन मुआवजा निर्धारण में एकदम मनमाना कर रहा हैं।
जनजागरण यात्रा में राजनाथ यादव, सुधीर चौहान, सुग्रीव मिश्रा, हरिलाल यादव, ध्रुव नारायण चौहान, नूर आलम खान, राम आधार, शिवाजी चौहान, सचिन यादव, राजन कुमार, संजय सिंह आदि किसान शामिल रहे।