अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। एनओसी के चलते रुके देवरिया-कसया मार्ग पर अब जहां पेड़ नहीं कटने हैं, वहां पहले चौड़ीकरण का काम शुरू कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिए हैं।
देवरिया-कसया फोरलेन चौड़ीकरण के लिए मार्च में ही बजट जारी हो गया था। हालांकि, काम शुरू नहीं हो पाया है। वजह यह कि इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए करीब तीन हजार पेड़ कटने हैं। पेड़ काटने से पहले वन विभाग को इतना पेड़ लगाने के लिए जमीन चाहिए।
इसके चलते एनओसी नहीं मिल पाया है। जमीन चिह्नित करने के लिए प्रशासनिक अफसरों की एक टीम गठित की गई है।
इस बीच कार्य में देरी से बचने के लिए लोक निर्माण विभाग ने यह व्यवस्था दी है कि करीब 34 किमी लंबी इस सड़क पर जहां पेड़ नहीं हैं, वहां पहले खोदाई और मिट्टी भराई का काम शुरू कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि गढ़रामपुर से कसया के बीच कई ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां सड़क के नजदीक पेड़ों की संख्या कम है या सड़क और पेड़ों के बीच पर्याप्त दूरी है।