देवरिया। मेहड़ापुरवा में बाबूलाल विश्वकर्मा घर के आगे ही बढ़ई की दुकान चलाते हैं। शाम करीब पांच बजे अचानक पुलिस की गाड़ी इनके घर के सामने पहुंची तो अगल-बगल के लोग चौंक गए।
पुलिस ने पूछताछ शुरू की, तब पता लगा कि इस परिवार की महिला ने दो बच्चों संग जहर खा लिया है। यह सुनकर लोग स्तब्ध रह गए। कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी अगल-बगल के लोगाें से ली तो किसी को कुछ पता ही नहीं था। थोड़ी ही देर में फॉरेंसिक टीम पहुंची और घर का जायजा लेने के बाद खाने-पीने के सामान का नमूना लिया।
इसी दौरान एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी आनंद पांडेय, सीओ संजय रेड्डी भी मौके पर पहुंचे। जब तक पुलिस पहुंची, घर के अधिकांश सदस्य मेडिकल कॉलेज जा चुके थे।
मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सिपाहियों ने महिला के पति को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। वहां से लौटने के बाद सीओ ने महिला के पति से कोतवाली में देर रात तक पूछताछ की।