मानसून की बारिश से उफनाई सरयू नदी
बरहज। मानसून के समय से दस्तक देने और पिछले पांच दिनों से हो रही झमाझम बारिश से नाली-नाला के अलावा सरयू नदी भी उफना गई है जिससे नदी का पानी घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। जहां सीढ़ियों तक नदी के पहुंचने से पूजा-पाठ के लिए आए आस्थावानों को काफी सहूलियत हो रही है वहीं, युवा नौका विहार का आनंद उठा रहे हैं।
मानसून के आने और पिछले पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है। जबकि नाली-नाले और नदी उफान पर हैं। भारी बारिश होने से सरयू के जलस्तर में निरंतर इजाफा हो रहा है। जिससे करीब 500 मीटर दूर बह रही सरयू घाट की सीढ़ियों से होकर बहने लगी है। सीता, थाना, आरती सहित अन्य घाटों से होकर बह रही सरयू को लेकर आस्थावान और नदी घाट पर प्रतिष्ठान सजा रखे दुकानदारों में हर्ष है। जबकि नदी में युवाओं के सैर करने के बढ़ते शौक के कारण नाविकों को रोजगार का अवसर मिल रहा है।
दूसरी ओर, भारी बारिश से कपरवार-रुद्रपुर, बरांव, बेलडॉड, बरहज-देवरिया, करुअना-करोहियां और बरांव-समोगर आदि मार्ग पर राह चलना दुरूह हो गया है। सड़कों पर बने गड्ढे और जलभराव से गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। जेई अखिलेश कुमार ने बताया कि पिछले पांच दिनों में नदी के जलस्तर में करीब दो फीट की बढ़त आई है।