अबूबकर नगर मोहल्ले में एक मकान का निर्माण कार्य ठेके पर चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मजदूर निर्माणाधीन दीवार के पास मिट्टी भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई और वहां काम कर रहे तीन मजदूर उसके नीचे दब गए।
देवरिया शहर के अबूबकर नगर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। मेडिकल कॉलेज में दोनों को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अबूबकर नगर मोहल्ले में एक मकान का निर्माण कार्य ठेके पर चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मजदूर निर्माणाधीन दीवार के पास मिट्टी भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई और वहां काम कर रहे बरियारपुर के गोविंद और बढ़या गांव निवासी योगेंद्र समेत तीन मजदूर उसके नीचे दब गए।
दीवार गिरते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद और योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।