मतदान के लिए रैली निकाली
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जीआईसी से निकली रैली
सभी माध्यमिक विद्यालयों एवं कार्यालय में कर्मियों को दिलाई गई शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके पूर्व एनसीसी, स्काउट गाइड एवं छात्र-छात्राओं ने जीआईसी प्रांगण से ही मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इसे हरी झंडी दिखाकर डीएम अमित किशोर ने रवाना किया। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी रैली ने लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से जुड़े नृत्य, नाटक व गीत प्रस्तुत किया। डीएम ने नए मतदाताओं को वोटर पहचान पत्र भी दिया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर एवं बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। मौके पर उपस्थित सभी लोगों को कार्यक्रम से संबंधित शपथ भी दिलाई गई। जिलाधिकारी ने इस दौरान यह भी जानकारी दी कि आधार कार्ड की तर्ज पर अब मतदाता वोटर कार्ड भी मोबाइल अथवा साइबर कैफे पर वोटर आईडी डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग की ओर से ई. इपिक एप शुरू किया गया है। इसके तहत वोटर आईडी भी डिजिटलाइज्ड होगी। मोबाइल अथवा कंप्यूटर पर इसे डाउनलोड किया जा सकता है। वोटर आईडी डाउनलोड करने से पहले वेरीफिकेशन की व्यवस्था की गई है। एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज ने कहा कि पुनरीक्षण के तहत 20 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। संचालन मंजू पांडेय ने किया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अमृत लाल बिंद, रमाकांत मिश्रा, प्रधानाचार्य जीआईसी पीकेशर्मा, डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला व्यायाम शिक्षक संजय सिंह, जिला स्काउट मास्टर संजय मिश्रा, शंकर मिश्रा, राकेश प्रकाश, विजय पांडेय, सीडीपीओ सतेंद्र कुमार सिंह, दयाराम, अजय नायक, ऋचा पांडेय आदि मौजूद रहे।
सीएससी केंद्रों पर भी आयोजित हुआ कार्यक्रम
देवरिया। सीएससी ई-गवर्नेस की ओर से संचालित सीएससी केेंद्रों पर भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पदाधिकारियों की उपस्थिति में शपथ दिलाई गई। इस दौरान जिला प्रबंधक अभिमन्यु शर्मा, जिला समन्यवक गौरव पांडेय ने बताया कि जिले में कुल 20 केंद्रों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चुनाव आयोग से संबंधित सभी सेवाएं सीएससी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रहीं हैं।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित हुआ सेमिनार
देवरिया। बीआरडी पीजी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एवं डीडीयू के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. गोपाल प्रसाद ने कहा कि मतदान तभी बढ़ेगा जब हमारे मन में राष्ट्रवादिता की भावना जागेगी। इसके लिए हमें और युवाओं को प्रयास करना होगा। केवल यह कहने से काम नहीं चलेगा कि ये सरकार का काम है। सरकार तो हम ही हैं। हम अपने जिम्मेदारियों से कैसे भाग सकते हैं। इस दौरान विभाग के अध्यक्ष डॉ. समरेंद्र शर्मा, डॉ. विनय रावत सहित छात्रों ने भी अपने विचार रखे।