विधान सभा चुनाव की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन के गांधी सभागार में बैठक हुई। उन्होंने मतदेय स्थलों पर जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिए। चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि विधानसभा चुनाव निकट है। इसको देखते हुए प्राथमिक और उच्च विद्यालयों, पंचायत और सामुदायिक भवनों आदि में स्थापित सभी मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। स्कूल के शौचालयों की मरम्मत कराकर प्रयोग के लायक बनाने, पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंपों की मरम्मत, रिबोर कराए जाने, परिसर में साफ सफाई की उचित व्यवस्था करने, बूथों पर प्रकाश व्यवस्था का इंतजाम तत्काल कराने का निर्देश दिया। कहा कि ग्राम सचिव अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले बूथों का सर्वे कर लें। उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रारूप पर बूथवार सूचना तैयार कर एडीओ पंचायत के माध्यम से प्रतिदिन शाम पांच बजे तक जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे। विकास खंडों में अर्द्धशासकीय, मान्यता प्राप्त विद्यालयों या संस्थाओं में स्थापित पोलिंग बूथों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक का होगा। शिथिलता मिलने पर विद्यालय, संस्था की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पीडी रमाशंकर राय, डीपीआरओ एसपी सिंह के अलावा सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।