देसही देवरिया (देवरिया)। देसही देवरिया में आयोजित दो दिवसीय डे-नाइट वालीबॉल प्रतियोगिता में रविवार रात को रुद्रपुर की टीम ने रोमांचक मुकाबले में गोरखपुर को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
देसही देवरिया चौराहा स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित दो दिवसीय डे-नाइट वालीबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में रुद्रपुर ने कुशीनगर की बतरौली को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में बस्ती को हराकर भैरोपुर गोरखपुर की टीम फाइनल में पहुंची। गोरखपुर और रुद्रपुर के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। मैच के पहले सेट में रुद्रपुर ने 15-4 और दूसरे सेट में 15-1 के अंतर से जीत दर्ज करके ट्रॉफी अपने नाम की।
इससे पहले मुख्य अतिथि सपा नेता डॉ. विवेक सिंह ने मैच खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल शुरू कराया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए खेल और अनुशासन जरूरी है। निर्णायक की भूमिका अशोक सिंह और जहीरुउल्लाह खान ने निभाई। कमेंट्री इस्माइल शेख और जुबेर ने की। इस दौरान राम बड़ाई सिंह, नरेंद्र प्रताप राव, शाह मनव्वुर, देवकांत पांडेय, शमशाद शेख, चंदन गौतम, संतोष सिंह, शाहरुख अंसारी, अलीउल्लाह आदि उपस्थित रहे।